केंद्र सरकार ने रविवार को पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा कर दी। इस वर्ष कुल 131 नागरिक सम्मानों को मंजूरी दी गई है, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। सूची में कला, सिनेमा, साहित्य, खेल, चिकित्सा, विज्ञान, सामाजिक कार्य और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई नामचीन हस्तियों के नाम शामिल हैं।
इस साल के पद्म पुरस्कारों में 19 महिलाएं, छह विदेशी या विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के व्यक्ति और 16 मरणोपरांत सम्मान शामिल हैं।
पद्म विभूषण (उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवा)
देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से जिन हस्तियों को सम्मानित किया गया है, उनमें दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र सिंह देओल (मरणोपरांत), केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी एस अच्युतानंदन (मरणोपरांत), प्रसिद्ध शास्त्रीय वायलिन वादक एन राजम, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश के टी थॉमसऔर प्रख्यात लेखक पी नारायणन शामिल हैं।
पद्म भूषण (उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा)
पद्म भूषण पुरस्कार पाने वालों में मशहूर गायिका अलका याग्निक, मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी, उद्योगपति उदय कोटक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडेय (मरणोपरांत), सामाजिक नेता वेल्लापल्ली नटेशन और टेनिस आइकन विजय अमृतराज का नाम शामिल है।
पद्म श्री (विशिष्ट सेवा)
पद्म श्री 2026 की सूची में खेल जगत से भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को सम्मानित किया गया है। उनके साथ महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पुनिया और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी यह सम्मान मिला है। इसके अलावा कला, विज्ञान, चिकित्सा और सामाजिक कार्यों से जुड़े कई जमीनी स्तर के योगदानकर्ताओं को भी पद्म श्री दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी पुरस्कार विजेताओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बधाई देते हुए कहा कि इन लोगों की उत्कृष्टता, समर्पण और सेवा देश को प्रेरणा देती है और आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल कायम करती है।
गौरतलब है कि पद्म पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है, जबकि राष्ट्रपति द्वारा ये सम्मान आमतौर पर मार्च या अप्रैल में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किए जाते हैं।
Author: News Desk
हम हमेशा अपने पाठकों को सबसे ताजातरीन और सटीक समाचार प्रदान करने के लिए तत्पर रहते हैं। यदि आपको किसी खबर या जानकारी में कोई अपडेट की आवश्यकता लगती है, तो कृपया हमें सूचित करें। हम आपकी सुझाव और सुधारों को ध्यान में रखते हुए हमारी सामग्री को अपडेट करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही, यदि आपके पास कोई महत्वपूर्ण समाचार या प्रेस रिलीज है जिसे आप हमारे साथ साझा करना चाहते हैं, तो कृपया इसे हमारे ईमेल आईडी पर भेजें: RajasthanTVofficial(at)gmail (dot)com









