Rajasthan TV Banner

Delhi Witness Murder Case-पति की हत्या की गवाह रही 44 वर्षीय महिला की दिल्ली में गोली मारकर हत्या, 2023 के केस से जुड़ा होने का शक

Delhi Witness Murder Case

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में 44 वर्षीय महिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है, जो अपने इलाके की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की अध्यक्ष थीं। पुलिस के मुताबिक, रचना के सिर में गोली मारी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि रचना यादव मूल रूप से उत्तर-पश्चिम दिल्ली के भलस्वा गांव की रहने वाली थीं। वह वर्ष 2023 में अपने पति विजेंद्र यादव की हत्या की मुख्य गवाह थीं। विजेंद्र यादव की भी गोली मारकर हत्या की गई थी और उस मामले का ट्रायल फिलहाल अदालत में चल रहा है। पुलिस को आशंका है कि रचना की हत्या उसी केस से जुड़ी हुई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 2023 के मामले में विजेंद्र यादव की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। इस केस में भारत यादव और पांच अन्य आरोपियों को नामजद किया गया था। पांच आरोपी गिरफ्तार होकर जेल में हैं, जबकि मुख्य आरोपी भारत यादव अब भी फरार है और उसे घोषित अपराधी करार दिया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, रचना यादव की गवाही अभियोजन पक्ष के लिए बेहद अहम थी। आशंका जताई जा रही है कि उनकी हत्या का मकसद केस को कमजोर करना और अन्य गवाहों को डराना हो सकता है।

रचना यादव हत्याकांड में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी साफ तौर पर नजर आ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वारदात के समय आरोपी का एक साथी पहले से ही दिल्ली नंबर की स्पोर्ट्स बाइक पर पास में मौजूद था, जिससे हमलावर वारदात के बाद तेजी से फरार हो गया।

पुलिस को सुबह करीब 10.59 बजे शालीमार बाग थाने में पीसीआर कॉल मिली, जिसमें महिला को गोली मारे जाने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को रचना सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। घटनास्थल से एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया।

जांच में सामने आया कि पड़ोसी से मिलकर लौटते समय दो हमलावरों ने रचना को रोका। उनमें से एक ने उनका नाम पूछा और पहचान होते ही पिस्तौल निकालकर उनके सिर में गोली मार दी। इसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच से स्पष्ट है कि रचना को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया और हमलावरों को उनकी पहचान व गतिविधियों की पहले से जानकारी थी।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (नॉर्थ-वेस्ट) भीषम सिंह ने कहा कि क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने मौके की बारीकी से जांच की है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला 2023 की हत्या से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। भारत यादव की भूमिका की दोबारा जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।

मृतका की बड़ी बेटी कनिका यादव ने आरोप लगाया कि उनकी मां की हत्या की साजिश भारत यादव ने रची। उन्होंने कहा कि उनके पिता की हत्या के आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं, इसके बावजूद इस तरह की साजिशें रची जा रही हैं। कनिका के मुताबिक, उनकी मां को इसलिए मारा गया क्योंकि वह अदालत में अपने बयान पर डटी हुई थीं।

पुलिस ने बताया कि रचना यादव के परिवार में दो बेटियां हैं, जिनमें से एक शादीशुदा है, जबकि छोटी बेटी उनके साथ रहती थी। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।

News Desk
Author: News Desk

हम हमेशा अपने पाठकों को सबसे ताजातरीन और सटीक समाचार प्रदान करने के लिए तत्पर रहते हैं। यदि आपको किसी खबर या जानकारी में कोई अपडेट की आवश्यकता लगती है, तो कृपया हमें सूचित करें। हम आपकी सुझाव और सुधारों को ध्यान में रखते हुए हमारी सामग्री को अपडेट करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही, यदि आपके पास कोई महत्वपूर्ण समाचार या प्रेस रिलीज है जिसे आप हमारे साथ साझा करना चाहते हैं, तो कृपया इसे हमारे ईमेल आईडी पर भेजें: RajasthanTVofficial(at)gmail (dot)com

Leave a Comment

Read More

[ays_poll id=1]

Read More